प्रियंका गांधी का लखनऊ दौरा सोमवार, भव्य स्वागत की तैयारी

punjabkesari.in Sunday, Feb 10, 2019 - 10:23 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के लिए कांग्रेस महासचिव पद संभालने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को लखनऊ आ रही हैं। नवाबों के शहर में उनके भव्य स्वागत की तैयारी है।  प्रियंका के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भी सजाया-संवारा गया है।

उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आएंगे। विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) ने प्रियंका और राहुल के लखनऊ आगमन पर शनिवार को सुरक्षा का जायजा लेकर चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। 

कांग्रेस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रियंका, राहुल और ज्योतिरादित्य सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर लखनऊ हवाई अड्डा पर उतरेंगे। उसके बाद तीनों नेता नौ किलोमीटर का रोड शो करते हुए प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर पहुंचेंगे। तीनों नेता हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी करेंगे।

 

Ruby