UP विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बोलीं प्रियंका गांधी- कार्यकर्ताओं की राय होगी महत्वपूर्ण

punjabkesari.in Sunday, Jul 04, 2021 - 09:54 PM (IST)

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के लखनऊ और मथुरा में ब्लॉक जिला,शहर,प्रदेश प्रभारी और जिलों से सम्बंधित प्रदेश पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुये कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन और आम कार्यकर्ताओं की राय सबसे महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। वाड्रा ने रविवार को कहा कि कांग्रेसी हर तरह से मजबूती के साथ जनता के लिये खड़े होकर उनकी पीड़ा व दर्द को साझा करें। इसके लिये संगठन निर्माण का काम सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मजबूती के साथ महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामो में लगातार हो रहे इजाफे के विरूद्व भाजपा सरकार के खिलाफ मुखरता के साथ आंदोलित रहे। बढ़ती महंगाई, खेती किसानी के सवाल पर आयोजित होने वाले आंदोलन में सक्रिय भूमिका निर्वहित करना समय की मांग है। भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करना है। महंगाई से हर तरफ जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, बेरोजगार युवा नौकरी के लिये आंदोलित है, सरकारी नौकरिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, नौकरियों के लिये चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पाने के लिये दर-दर की ठोकरे खा रहे है।

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव ने प्रशिक्षण शिविर में पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की राय सबसे महत्वपूर्ण होगी,कार्यकर्ताओ की राय सबसे महत्वपूर्ण होगी, मजबूत संगठन की दिशा में सतत प्रयास सफलता का महत्वपूर्ण बिंदु है। संगठन सृजन अभियान से बूथ निर्माण की दिशा दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है,जिस पर कांग्रेस जनों द्वारा लगातार सक्रिय होकर काम करने के अच्छे परिणाम आने लगे है। उन्होंने कहा कि बूथ निर्माण के साथ सोशल मीडिया पर सक्रियता अत्यंत महत्वपूर्ण है, उस पर सक्रियता बनाये रखने के साथ उसका बेहतर उपयोग अत्यधिक महत्वपूर्ण है,सबको रीढ़ बनकर संगठन को मजबूत करना है।कार्यकर्ताओ की भूमिका हर स्तर पर महत्वपूर्ण होती है। 

Content Writer

Moulshree Tripathi