UP विधानसभा चुनाव 2021 में CM कैंडीडेट होने के सवाल पर प्रियंका गांधी बोलीं- अभी क्यूं बताऊं...

punjabkesari.in Saturday, Jul 17, 2021 - 04:03 PM (IST)

लखनऊः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को लखीमपुर खीरी पहुंची। खीरी में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी की शिकार रितु सिंह और अनीता यादव से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने मांग की कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव रद्द कर फिर से चुनाव कराया जाए। इस दौरान उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

जिले के पथगावा प्रखंड के सेमरा गांव पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने यूपी में चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि ये आगे देखा जाएगा। मैं यहां काम कर रही हूं और लगातार काम करती रहूंगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव में सीएम कैंडीडेट होंगीं? इस पर प्रियंका ने कहा कि आपको अभी से क्यों बता दें?

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं यहां इसलिए आई हूं कि इन महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में नामांकन पत्र भरना उनका संवैधानिक हक और अधिकार था, लेकिन संवैधानिक अधिकार को भी छीना गया। उन्हें घेरकर पीटा गया, उनकी साड़ी खींची गई। कपड़े फाडे गए, इन पर क्या बीती होगी? उन्होंने कहा कि किसी ने इस अत्याचार को रोकने का प्रयास नहीं किया। जिस सीओ ने बचाने का प्रयास किया, उसे निलंबित कर दिया। प्रशासन मौन है, चुनाव भी नहीं रद्द किया गया।

गौरतलब है कि 9 जुलाई को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि लखीमपुर खीरी में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी पार्टी उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव के साथ बद्तमीजी की और उनकी साड़ियां खींच लीं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static