उद्योगपतियों का भला करने में मशगूल मोदी को कभी गरीब के घर में नहीं देखा: प्रियंका

punjabkesari.in Thursday, May 16, 2019 - 09:58 AM (IST)

देवरियाः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तंज कसा कि चुनिंदा उद्योगपतियों का भला करने में मशगूल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 5 साल के कार्यकाल के दौरान कभी किसी गरीब के घर का रूख नहीं किया।

देवरिया से तीस किलोमीटर दूर सलेमपुर में पार्टी प्रत्याशी राजेश मिश्रा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में प्रियंका ने कहा कि आप लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को चीन, जापान आदि देशों में जाते हुए देखा होगा। चीन में राष्ट्रपति से गले मिलते हुए भी टीवी में देखा होगा। पाक में बिरयानी खाते हुए भी देखा होगा, लेकिन जब देश की गरीब और आम जनता पर आफत आई तो किसी ने मोदी को उनके बीच नहीं देखा। कभी प्रधानमंत्री को किसी जरूरतमंद गरीब के घर में देखा है। 5 सालों में ऐसा हुआ ही नहीं।

उन्होंने कहा कि मोदी की विचारधारा उन तक ही सीमित है। सत्ता के मोह माया में उनका जनता से नाता टूट चुका है। देश के किसान कर्ज में डूब रहे हैं। इस मुद्दे पर पीएम चुप हैं। किसान प्रताड़ित और कर्ज में डूबता जा रहा है। उसे उपज का दाम नहीं मिल पा रहा है। बीज और खाद समय से नहीं मिल रहे हैं। आवारा पशुओं से परेशान है। देश के हजारों किसान विभिन्न राज्यों से पैदल चलकर उनसे दिल्ली में मिलने आते हैं, लेकिन वे किसानों से नहीं मिलते।

Deepika Rajput