मिशन 2022: 10 दिन में दूसरी बार संगम नगरी में प्रियंका गांधी, निषाद समुदाय से की मुलाकात

punjabkesari.in Sunday, Feb 21, 2021 - 04:27 PM (IST)

प्रयागराज: वर्ष 2022 में होने वाले चुनावों का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, वैसे वैसे सभी पॉलिटिकल पार्टियां चुनावी रणनीति को धार देने में लगी हुई हैं। इसी कड़ी में वोटरों को लुभाने के लिए कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी कुछ कम प्रयास नहीं कर रही हैं। 10 दिनों के अंदर संगम नगरी में प्रियंका गांधी का दूसरा दौरा है। प्रियंका यमुनापार के बसवार गांव पहुंचकर नाविक समाज से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी।

इस दौरान उन्होंने निषाद समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई लड़ेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपने इस सरकार को वोट दिया, लेकिन वह भूल गई है, जो सर्कार वोट लेकर भूल जाए उसे सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे खुद आपके लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगी। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार आती है तो उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं, उन्हें आप कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दें, जहां तक संभव होगा मदद की जाएगी। प्रियंका गांधी ने यमुना किनारे नाविकों के टूटे हुए नावों को भी देखा और कहा कि अगर कोई प्रताड़ित करता है तो कांग्रेस के कार्यकर्ता उनकी मदद करेंगे।

जानने योग्य है कि 4 फरवरी को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बसवार गांव में नाविकों की कई नावें तोड़ दी थीं। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं पर लाठीचार्ज भी किया गया। इसी मामले में पुलिस ने नाविकों द्वारा विरोध करने पर दर्जनों लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। इस घटना के बाद से क्षेत्र में बालू खनन पूरी तरह से बंद पड़ा है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय निषाद समाज पर जुल्म ढा रहा है, जो खनन के काम में मजदूर की हैसियत से काम करता है। निषाद समाज का रोजगार बालू खनन से जुड़ा है। वहीं पुलिस महकमे के अधिकारी कैमरे पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं, लेकिन पुलिस इसे खनन के खिलाफ कार्रवाई बता रही है।

बता दें कि नाविकों की नावें तोड़े जाने के बाद से इस मामले पर जमकर राजनीति हो रही है। कई राजनीतिक नेता निषाद वोटरों के आंसू पोछने के बहाने, निषाद वोटरों को निशाना बना रहे हैं। वहीं प्रियंका गांधी निषाद समाज के बीच पहुंचकर निषाद वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रही हैं। गौरतलब है कि दो हफ्ते के अंदर प्रियंका गांधी का ये दूसरा प्रयागराज दौरा है। इससे पहले मौनी अमावस्या पर प्रियंका ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। इसके बाद आज फिर से वह प्रयागराज के दौरे पर हैं। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj