कार्यकर्ताओं से नियमित मिलेंगी प्रियंका गांधी वाड्रा, UP में करेंगी तूफानी दौरे

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2019 - 09:25 AM (IST)

लखनऊ\नई दिल्ली: हालिया लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर से राज्य में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। इसके तहत वह नियमित रूप से कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी और राज्य के दौरे भी करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका पार्टी के संगठन में नई जान फूंकने और 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार होने के मकसद से अपने तक कार्यकर्ताओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करना चाहती हैं। वह पार्टी कार्यकर्ताओं से हफ्ते में 2 दिन मुलाकात करेंगी।

पार्टी के एक नेता ने न्यूज एजेंसी को बताया कि चुनाव बाद हुई समीक्षा बैठकों में यह बात निकलकर आई कि नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच ज्यादा संपर्क एवं समन्वय की जरूरत है। फिलहाल यह तय हुआ है कि प्रियंका गांधी अब हफ्ते में 2 दिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में प्रियंका के उत्तर प्रदेश दौरे का सिलसिला भी तेज होगा। वह एक या दो हफ्ते पर राज्य के दौरे पर होंगी।

इसी साल 23 जनवरी को पार्टी महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी नियुक्त हुईं प्रियंका ने लोकसभा चुनाव में धुआंधार सभाएं और रोडशो किए, लेकिन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस पूरे उत्तर प्रदेश में सिर्फ रायबरेली सीट ही जीत सकी। उत्तर प्रदेश में पार्टी की इस कदर बुरी स्थिति रही कि वह गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली अमेठी सीट तक गंवा बैठी। यहां पार्टी प्रमुख राहुल गांधी को भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने 55,000 मतों से हराया।

Anil Kapoor