प्रियंका गांधी बोलीं- उन्नाव हादसा चौंकाने वाला, अभी तक BJP में क्यों हैं आरोपी विधायक

punjabkesari.in Monday, Jul 29, 2019 - 11:30 AM (IST)

लखनऊः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्नाव रेप पीड़िता के साथ हुई सड़क दुर्घटना को चौंकाने वाली घटना करार देते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं?

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, " उन्नाव बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है।'' प्रियंका ने सवाल किया, "इस केस में चल रही सीबीआई जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? " उन्होंने यह भी पूछा, "इन सवालों के जवाब बिना, क्या बीजेपी सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?"

गौरतलब है कि, गत रविवार को हुए सड़क हादसे में उन्नाव रेप मामले की पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़िता की मौसी, चाची और ड्राइवर की मौत हो गई। पीड़ित महिला और उसके वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर मामले का मुख्य आरोपी है।

Deepika Rajput