चिन्मयानंद के जरिए BJP पर बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- उन्नाव मामले जैसा ही लग रहा दुहराव

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2019 - 12:07 PM (IST)

लखनऊः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद के जरिए एक बार बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, 'उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन बीजेपी सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा। आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गई है। उसके साथ क्या हो रहा है कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा? उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है।'

सब देख रही हैं यूपी की लड़कियां
उन्होंने कहा, 'अगर कोई महिला BJP नेता के खिलाफ शिकायत करती है, तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती। पिछले ही साल आरोपी पर से बलात्कार का मुकदमा बीजेपी सरकार ने वापस लिया था। बहुत साफ है सरकार किसके साथ खड़ी है। यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं।'

चिन्मयानंद पर छात्रा के अपहरण का मुकदमा दर्ज
बता दें कि, शाहजहांपुर में स्वामी चिन्मयानंद पर लॉ कॉलेज की छात्रा के अपहरण और उसे मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक एस चन्नप्पा ने बताया कि 3 दिन पहले ही एक युवती ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो वायरल किया था। जिसमें उसने पूर्व गृह राज्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए थे। देर शाम छात्रा के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
 

Deepika Rajput