निकाय चुनाव की सभाओं में नजर नहीं आएंगी प्रियंका गांधी, भाजपा ने उतारी मत्रियों की फौज

punjabkesari.in Monday, May 01, 2023 - 05:58 PM (IST)

लखनऊ: प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव की सभाओं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा नजर नहीं आएंगी। वजह यह है कि प्रदेश में आने का उनका अभी कोई कार्यक्रम नहीं है। ऐसे में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी प्रदेश के नेताओं के सहारे ही चुनावी नैया पार करने में जुटे हैं।

भाजपा में प्रत्याशियों को जिताने के लिए मुख्यमंत्री ने संभाला मोर्चा
भाजपा में प्रत्याशियों को जिताने के लिए सभी मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जगह-जगह जनसभाएं कर रहे हैं, पर कांग्रेस के प्रत्याशी प्रियंका गांधी के न आने से मायूस हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने चुनावी घोषणा पत्र खुद जारी करने के साथ ही जगह-जगह जनसभाएं की थीं, इससे कांग्रेस प्रत्याशियों कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल था। इस बार भी कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रियंका गांधी के आने का इंतजार कर रहे हैं, पर कांग्रेस के पदाधिकारियों का साफ कहना है कि फिलहाल प्रियंका गांधी का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।

जनसभाओं के लिए प्रभावी नेताओं की मांग कर रहे वार्ड प्रभारी
सूत्रों का कहना है कि विभिन्न जिलों में चुनाव का कार्य देख रहे वार्ड प्रभारी राजधानी पहुंच रहे हैं और प्रदेश पदाधिकारियों से मिलकर जनसभाओं के लिए प्रभावी नेताओं की मांग कर रहे हैं। प्रदेश कार्यालय में बने 'वार रूम' में भी सभाओं के लिए नेताओं की मांग आ रही है। ऐसे में उनकी मांग के अनुसार प्रदेश के नेताओं को जनसभाओं में भेजा जा रहा है। चुनावी सभाओं में प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगने का कार्य में खुद प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के साथ विभिन्न जोन के प्रांतीय अध्यक्ष व प्रदेश के दूसरे नेता जुटे हैं।

Content Writer

Ajay kumar