चुनाव जीतने की तैयारी में कांग्रेस, मिशन UP के तहत तूफानी दौरे करेंगी प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2019 - 06:48 PM (IST)

लखनऊः यूपी कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के राजनीति में सक्रिय होने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। वहीं प्रियंका गांधी भी यूपी में अपनी पैंठ मजबूत करने में लगी हुईं हैं। जिसके चलते वह मेगा प्लान की तैयारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव तारीखों का ऐलान होने के बाद प्रियंका गांधी अब यूपी के तूफानी दौरे कर सकती हैं।

बता दें कि 12 मार्च को अहमदाबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में शिरकत करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी का दौरा करेंगी। इस दौरान कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी करेगी। बताया जा रहा है कि इसमें 20 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होगा, जबकि 11 नामों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

प्रियंका गांधी की तुलना अक्सर उनकी दादी और देश की पहली और इकलौती महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की जाती है। प्रियंका का चेहरा-मोहरा, बात करने का तरीका, साड़ियां पहनने का सलीका और हेयर स्टाइल तक बहुत कुछ उनकी दादी से मिलता-जुलता है। प्रियंका गांधी कई मौकों पर इंदिरा गांधी की साड़ियों में भी सार्वजनिक मंचों पर आ चुकी हैं। कांग्रेस को लगता है कि प्रियंका में छिपी इंदिरा गांधी की इस इमेज का राजनीति में बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।

Tamanna Bhardwaj