प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, बोलीं- चुनाव जीतने के लिए बिना रुके, बिना डरे 24 घंटे काम करें

punjabkesari.in Sunday, Jul 18, 2021 - 11:37 AM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देते हुए चुनाव तक चौबीसों घंटे काम करने का लक्ष्य तय करने और साथ मिलकर मजबूती से आगे बढ़ने का आह्वान किया। अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को मजबूत करने के इरादे से राजधानी लखनऊ के दौरे पर आईं वाद्रा ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप लोग आज से 24 घंटे काम करने का लक्ष्य निर्धारित करें, न रुकें और न ही डरें। आपको आगे बढ़ना है, ताकत के साथ आगे बढ़ना है और चुनाव जीतना है।''

बता दें कि शुक्रवार को यूपी आने के बाद से ही कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद कर रहीं प्रियंका ने अन्य राजनीतिक दलों पर तंज करते हुए कहा, ‘‘आपको इसपर गर्व करने की जरूरत है कि यहां जो संगठन बनाया गया है, वह फर्जी नहीं है या सिर्फ कागजों पर नहीं है, यह संगठन आपकी वजह से है और अगर कांग्रेस चर्चा में है तो यह आपकी वजह से है।' कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आप सभी को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि आज सभी न्याय पंचायतों में संगठन का गठन किया गया है और सभी जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर की समितियों का गठन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश संगठन में एक नई ऊर्जा है और यह आपकी वजह से है।''

उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के मुद्दों, उनके संघर्षों और भावनाओं से जुड़ने की अपील की। उन्होंने नये लोगों को संगठन में शामिल करने और वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने की नसीहत देते हुए स्पष्ट किया कि सभी लोग मिलकर ही इस लड़ाई को लड़ सकते हैं। कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का भी सबक दिया।

Content Writer

Moulshree Tripathi