अलीगढ़ में प्रियंका ने बोला- कोई ''गर्मी'' निकालने की बात कर रहा, भर्ती की बात करने वालों को वोट दे जनता

punjabkesari.in Saturday, Feb 05, 2022 - 06:14 PM (IST)

अलीगढ़: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि कोई व्यक्ति ‘गर्मी' निकालने की बात कर रहा है, जबकि कांग्रेस बेरोजगारों की 'भर्ती' की बात कर रही है। 

प्रियंका ने अलीगढ़ में इगलास और खैर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। अलीगढ़ में एक व्यक्ति के साथ बातचीत के दौरान प्रियंका को यह कहते हुए सुना गया, "अब कोई 'गर्मी निकालने की' और 'चर्बी निकालने की' बात कर रहा है, लेकिन हम (कांग्रेस) 'भर्ती' करने की बात कह रहे हैं। यहां खड़े कई युवा बेरोजगार हैं, सरकार में लगभग 12 लाख पद खाली पड़े हैं।" 

योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेताओं की "खून की गर्मी" शांत हो जाएगी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा किए गये एक ट्वीट में कहा गया है, ''इस बार भर्ती निकालने की बात करने वालों को वोट दीजिए, चर्बी निकालने और गर्मी निकालने वालों को खारिज कीजिए।'' 

कांग्रेस महासचिव ने अलीगढ़ में लोगों से घर-घर जाकर संपर्क कार्यक्रम किया और पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static