लोकसभा चुनावः भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ नजर आएंगी प्रियंका

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2024 - 08:32 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले सप्ताह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रवेश करेगी। उ.प्र. में कांग्रेस की महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में नजर आएंगी। राहुल की यात्रा पूर्वांचल के रास्ते उ.प्र. में प्रवेश करेगी और बुंदेलखंड के रास्ते मध्य प्रदेश चली जाएगी।
 

बोर्ड परीक्षाओं और छात्र-छात्राओं के हितों को देखते हुए राहुल गांधी ने घटाया यात्रा का समय
राहुल की यात्रा अब लखनऊ और वहां से कानपुर होते हुए झांसी के रास्ते मध्य प्रवेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस की उ.प्र. इकाई के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाओं और छात्र-छात्राओं के हितों को देखते हुए राज्य में अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समय घटा दिया है।
 

पहले यह यात्रा 16 फरवरी से 26 फरवरी तक होनी थी
प्रवक्ता ने बताया कि उ.प्र. में पहले यह यात्रा 16 फरवरी से 26 फरवरी तक होनी थी लेकिन अब 22 फरवरी को शुरू हो रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 20 फरवरी को रायबरेली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। वह एक रोड शो में भी राहुल के साथ भाग ले सकते हैं।
 

रालोद के अलग हो जाने के बाद कांग्रेस का लालच बढ़ा
लखनऊ,: उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के गठबंधन से रालोद के अलग हो जाने के बाद कांग्रेस का लालच बढ़ा दिख रहा है। दरअसल, उप्र. में विपक्षी दलों की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते सपा ने निर्णायक भूमिका में आते हुए रालोद के लिए जहां सात सीटें तय कीं वहीं कांग्रेस को 11 सीटें प्रस्तावित कीं। रालोद के अलग होने के बाद कांग्रेस को और सीटें मिलने की संभावना नजर आ रही है। इस बीच उ.प्र. में लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन के तहत सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत जारी है। कांग्रेस के ओर से उ.प्र. में 20 लोकसभा सीटों की मांग सपा के सामने रखी गई है। सूत्रों के मुताबिक, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उप्र. पहुंचने से पहले इस गठबंधन की घोषणा हो सकती है।

Content Writer

Ajay kumar