प्रियंका भी नहीं फूंक पाएंगी कांग्रेस में प्राण: महेंद्र नाथ पांडे

punjabkesari.in Sunday, Feb 10, 2019 - 11:57 AM (IST)

बरेलीः उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने दावा किया कि सूबे की राजनीति में खात्मे की ओर अग्रसर कांग्रेस की वापसी नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी के बूते की बात नहीं है। पांडे ने कहा कि कांग्रेस को जनता नकार चुकी है और प्रियंका गांधी के सहारे अब सत्ता में लौटने वाली नहीं है। कांग्रेस इससे पहले भी प्रियंका को चुनाव प्रचार में उतार चुकी है। दोनों भाई बहनों ने खूब प्रचार किया, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। जनता पूरी तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों के साथ है। 

उन्होंने कहा कि तीन तलाक कानून रद्द करने को कांग्रेस कह रही है, यह भ्रम है, क्योंकि जब वह सत्ता में आएगी तभी तो यह ऐसा कर पाएगी।  अयोध्या में विवादित स्थल पर भव्य राम मंदिर के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि राम लला का मंदिर आस्था और जनमानस से जुड़ा मुद्दा है, भाजपा इसे पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। पांडे ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार भ्रष्ट अफसरों पर कार्रवाई करने की जगह उनके साथ खड़ी है। खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आरोपित अफसरों के पक्ष में धरने पर बैठती हैं, इससे साफ जाहिर है कि वहां कानून व्यवस्था क्या है। वहां पुलिस खुद सीबीआई से लड़ रही है।  


उन्होंने एक सवाल में कहा प्रदेश और केंद्र ने अपने बजट लाकर साफ कर दिया कि भाजपा सरकार किसान, गरीब मजदूर और हर वर्ग के साथ है, इसमें महिलाओं का सम्मान शिक्षा और युवाओं का ख्याल रखा गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि औद्योगिक वातावरण मजबूत करने के लिए योगी सरकार का बजट बना है। चुनाव को देखते नहीं बनाया हैं यह सब जरूरत के मुताबिक बना है। उन्होंने कहा कि संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं को पूरी कर दी जा रही है। भाजपा ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मेयर उमेश गौतम की पुत्री के वैवाहिक समारोह में भाग लेने बरेली आए थे।

Ruby