मिर्जापुर: चुनार गेस्ट हाउस में रुकेंगी प्रियंका गांधी, कांग्रेस ने दी देश व्यापी हड़ताल की चेतावनी

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 05:12 PM (IST)

मिर्जापुर: सोनभद्र में जमीनी कब्जे को लेकर हुई 10 लोगों की निर्मम हत्या मामले में शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों से मिलीं और उनका हालचाल जाना। इसके तुरंत बाद वह घटना स्थल सोनभद्र के लिए रवाना हुईं। लेकिन रास्ते में ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया। प्रियंका ने प्रशासन के रवैए से क्षुब्ध होकर धरना दे दिया। इतनी ही नहीं वह बिना पीड़ित परिवार से मुलाकात के वापस जाने पर अड़ी रहीं। जिसपर प्रशासन ने क्षन लेते हुए उन्हें चुनार गेस्ट हाउस में आज रोकने का फैसला लिया। 

प्रशासन के इस कदम से नाराज कांग्रेस ने देश व्यापी आंदोलन की चेतावती दी। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने प्रेस नोट जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हड़ताल के आगाह किया है। 

प्रियंका की गिरफ्तारी खेदजनक: राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके श्री राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी को अवैध तथा दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार मनमानी पर उतर आयी है और सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट किया ‘‘उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में प्रियंका की अवैध गिरफ्तारी खेदजनक है। सोनभद्र में अपनी जमीन खाली करने से मना करने वाले किसानों की गोली मारकर निर्मम हत्या की गयी थी और पीडित परिजनों से मिलने जाते समय उन्हें गिरफ्तार करना सत्ता की शक्ति का दुरुपयोग है। इससे साबित होता है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में असुरक्षा बढ रही है।''   

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने भी एक बयान जारी कर श्रीमती वाड्रा की गिरफ्तारी पर क्षोभ व्यक्त किया है और इस कारर्वाई को उत्तर प्रदेश सरकार की मनमानी करार देेते हुए उनकी रिहाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की जनता के साथ अभ्रदता से पेश आ रही है और अन्याय कर रही हँ। पार्टी श्रीमती वाड्रा के साथ किए गए व्यवहार की निंदा करती है और इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करेगी। 

पार्टी ने अपने आधिकारिक पेज पर इस संबंध में ट्वीट किया और कहा ‘‘सोनभद्र हत्याकांड के पीड़तिों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव की गिरफ्तारी उतर प्रदेश सरकार की तानाशाही का निकृष्टतम उदाहरण है। हम पीड़तिों को न्याय दिलाने के लिए द्दढ संकल्पित हैं और भाजपा सरकार के इन ओछे हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस महासचिव को सोनभद्र जाने से जबरन रोकना लोकशाही का अपमान है। बगैर लिखित आदेश और संविधान की मूल भावना के विपरीत सरकार का यह कदम तानाशाही को दर्शाता है।''   

गौरतलब है कि सोनभद्र में 17 जुलाई को गांव के प्रधान ने जमीनी विवाद में गोली चलाई थी जिसमें दस किसान मारे गये और 28 घायल हो गये थे। श्रीमती वाड्रा इन्हीं किसानों के पीडित परिजनों से मिलने जा रही थीं। 

Ajay kumar