UP निकाय चुनाव: आज शाम 5 बजे से थम जाएगा दूसरे चरण का प्रचार

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2017 - 10:46 AM (IST)

बहराइचः यूपी निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान 22 नवंबर यानि बुधवार को हो गए। वहीं दूसरे चरण के मतदान 26 नवंबर को होंगे। 25 जिलों में होने वाले दूसरे चरण के मतदान सुबह 7.30 बजे से ही शुरू हो जाएंगे और शाम 5 बजे तक जारी रहेंगे। बता दें कि निकाय चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार शुक्रवार शाम यानि आज 5 बजते ही रुक जाएगा।

दरअसल उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है। 28 अक्तूबर को राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीखें जारी कर दी थी। जिले में 1 नवंबर से नामांकन का दौर शुरु हो गया था। तभी से चुनाव की गहमागहमी भी बढ़ गई थी। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रचार अभियान में ताकत लगा रहे थे।

दूसरे चरण के मतदान के प्रचार का अंतिम दिन को देखते हुए प्रत्याशियों ने भी अपनी ताकत झोंक दी है। वहीं प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट हो चुका है, वाहनों का अधिग्रहण करने के साथ ही चुनाव में होमगार्डों की लगने वाली ड्यूटी के लिए कार्ड का वितरण शुरु कर दिया गया है।

परिवहन व्यवस्था के प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल कुमार सिंह की देखरेख में वाहनों के अधिग्रहण की कार्रवाई भी शुरु कर दी गई है। लगभग पौने 200 वाहन चुनाव में लगाए जा रहे हैं। इसके साथ चुनाव में ड्यूटी करने वाले होमगार्डों को ड्यूटी पत्र का वितरण भी किया जा रहा है।