विभिन्न राज्यों में रह रहे प्रदेशवासियों की दिक्कतों के समाधान नोडल अधिकारियों की तैनाती: योगी

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2020 - 05:36 PM (IST)

लखनऊ, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राज्यों में कार्यरत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी श्रमिकों से लॉकडाउन अवधि में अपनी आजीविका वाले स्थान पर बने रहने की अपील की है।
योगी ने कहा है कि कोरोना वायरस एक संक्रामक बीमारी है। इसके दृष्टिगत लॉकडाउन के दौरान श्रमिकों की यात्रा उनके तथा उनके परिवार सहित अन्य सम्बन्धियों तथा गृह जनपद के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को जोखिम में डाल सकती है।
मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों में रह रहे प्रदेश के श्रमिकों से अनुरोध किया है कि वे भारत सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए अपने निवास के वर्तमान राज्य में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें। राज्य सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है कि विभिन्न प्रदेशों में रह रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
शनिवार जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वार्ता करके उनके राज्यों में प्रदेश के निवासियों को सभी व्यवस्थाएं यथास्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि कहा कि विभिन्न प्रदेशों में रह रहे उत्तर प्रदेशवासियों की दिक्कतों का समाधान करने के लिए राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की नोडल अधिकारियों के रूप में तैनात किया गया है। ये नोडल अधिकारी सम्बन्धित प्रदेशों में निवास कर रहे उत्तर प्रदेशवासियों की भोजन, निवास जैसी आवश्यक जरूरतों से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय राज्य सरकार व प्रशासन से संवाद करके समाधान कराएंगे।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Edited By

PTI News Agency