तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ बुधवार को उत्तर प्रदेश में धरना देगी भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, May 05, 2021 - 07:37 PM (IST)

लखनऊ, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के विरोध में पांच मई, बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में धरना देगी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ स्थित अपने आवास पर धरना पर बैठेंगे। दीक्षित ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार देश भर में धरना प्रदर्शन हो रहा है और प्रदेश में मंडलस्तर पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धरने के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरी कड़ाई से पालन किया जाएगा और धरने के समय एक साथ 20 से ज्यादा लोग एकत्र नहीं होंगे।

सिंह ने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘महामारी के दौरान जहां मानव समाज एक दूसरे की जान बचाने के लिए प्रयासरत है, वहीं पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद ममता बनर्जी के संरक्षण में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, उपद्रवियों व गुंडों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लगातार हिंसा, मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी और उनकी हत्या की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं, उनके घरों व प्रतिष्ठानों तथा पार्टी कार्यालयों को तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस की इस गुंडागर्दी में अब तक पार्टी के हजारों कार्यकर्ता घायल हुए हैं और कई की हत्या हुई है। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह कार्रवाई लोकतंत्र के नाम पर कलंक है, जिसके विरोध में पार्टी पांच मई को पूरे प्रदेश में धरना देगी।’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency