उप्र विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं की बैठक

punjabkesari.in Thursday, Sep 23, 2021 - 10:43 AM (IST)

लखनऊ, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों का खाका तैयार करने के लिए बुधवार को यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ भाजपा के राज्य चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी की “प्रारंभिक बैठक” हुई। . बैठक के बारे में केंद्रीय संसदीय मामलों और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, "आज यह एक परिचयात्मक बैठक थी, जो लगभग दो घंटे तक चली। विचार-विमर्श बैठक कल होगी ।" केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।
मेघवाल और करंदलाजे भाजपा के राज्य चुनाव सह प्रभारी हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राज्य में पार्टी के चुनाव प्रभारी हैं। अन्य सह-प्रभारी केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, विवेक ठाकुर और कैप्टन अभिमन्यु हैं, जो यहां राज्य पार्टी मुख्यालय में बुधवार की बैठक में शामिल हुए ।
इस बीच केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को और अधिक वोट और सीटें देगी।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए ठाकुर ने कहा, "इस बार राज्य के लोग अधिक आशीर्वाद देंगे, अधिक वोट और सीटें (भाजपा को) देंगे।" 2017 में राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 312 सीटें जीती थीं, उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 9 सीटों पर जीत हासिल की थी।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) ने 2017 का विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ा था और चार सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में 2019 में गठबंधन से बाहर हो गई।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि दोनों केंद्रीय नेताओं के दो दिनों तक राज्य की राजधानी में रहने की संभावना है।
बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने एक बयान में कहा कि आज परिचयात्मक बैठक थी। बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों, अभियानों के बारे में चर्चा हुई साथ ही आगामी कार्यक्रमों के संदर्भ में भी प्रारम्भिक चर्चा हुई।
आगामी कार्ययोजना व कार्यक्रमों सहित अन्य संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में बृहस्पतिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सुबह 10:30 बजे से बैठक आहूत की गई है जिसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक शुरू होने से पहले धर्मेंद्र प्रधान, आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित किया और श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की ।
इस मौके पर भाजपा उपाध्यक्ष और उप्र प्रभारी राधा मोहन सिंह और केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद थे ।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static