भाजपा घोषणा पत्र समिति का गठन, सुरेश खन्‍ना अध्यक्ष व बृजलाल उपाध्यक्ष बनाए गये

punjabkesari.in Sunday, Nov 14, 2021 - 07:03 PM (IST)

लखनऊ, 14 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्‍ना को समिति का अध्यक्ष और बृजलाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने रविवार को ''पीटीआई-भाषा'' को बताया कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र समिति का गठन किया है और राज्‍य सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्‍ना को समिति का अध्यक्ष और राज्‍यसभा सदस्‍य व पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

दीक्षित ने बताया कि घोषणा पत्र समिति में सांसदगण राजेश वर्मा, विजय पाल तोमर, रीता बहुगुणा जोशी, सीमा द्विवेदी व कांता कर्दम तथा पार्टी नेता पुष्कर मिश्रा और अतुल गर्ग को सदस्य नामित किया गया है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency