नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी के बोली दस्तावेज के अनुरोध प्रस्ताव को मंजूरी

punjabkesari.in Monday, Nov 22, 2021 - 12:45 AM (IST)

नोएडा, 21 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी के बोली दस्तावेज के अनुरोध प्रस्ताव (आरएफपी) को शासन की मंजूरी मिल गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुंबई-हैदराबाद से भी बड़ी इस फिल्म सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर शासन पहले ही मुहर लगा चुका है।

अधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अब शासन की मंजूरी के बाद यमुना प्राधिकरण ने निविदा जारी कर दी है। बोली दस्तावेज सोमवार को यमुना प्राधिकरण के पोर्टल और एनआईसी की वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। इन्हें 23 नवंबर से अपलोड कर आवेदन किया जा सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि आठ दिसंबर को दोपहर ढाई बजे बोली की प्रक्रिया होगी। इसके बाद नए साल में निर्माण शुरू हो जाएगा। दस हजार करोड़ रुपये की परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर तीन चरणों में विकसित होगी। इसमें 17 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा और 50 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। परियोजना का पहला चरण वर्ष 2024 में पूरा कर लिया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे सेक्टर-21 में 1000 हजार एकड़ में फिल्म सिटी बनेगी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency