सपा के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता, कांग्रेस के अभियान का चेहरा रहीं प्रियंका भाजपा में शामिल

punjabkesari.in Friday, Jan 21, 2022 - 09:26 AM (IST)

लखनऊ, 20 जनवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के एक अन्य रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता और कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल हो गए।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

गुप्ता और मौर्य राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख लक्ष्मीकांत बाजपेयी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव भी भाजपा में शामिल हुई हैं।

औरैया के बिधूना सीट से 2012 में विधायक बने गुप्ता के साथ कांग्रेस नेता डॉ प्रियंका मौर्य और अयोध्या से लोक गायिका वंदना मिश्रा ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। गौरतलब है कि मौर्य प्रदेश में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा शुरू किए गए अभियान ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के पोस्टर का चेहरा थीं।

भाजपा में नये सदस्यों के शामिल होने से संबंधित समिति के प्रमुख और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेई ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बाजपेयी ने गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा, "एक महत्वपूर्ण राजनीतिक नाम, समाजवादी पार्टी परिवार के सदस्य और औरैया के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता आज भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं।" उन्होंने कहा, ‘‘मैं याद दिलाना चाहता हूं कि मुलायम सिंह का हम सभी सम्मान करते हैं, वह एक विपक्षी दल के राष्ट्रीय नेता हैं। पहले उनके समधी हरिओम यादव, बहू अपर्णा यादव और आज उनके साढ़ू प्रमोद गुप्ता भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं और आप सभी जानते हैं कि एक परिवार में साढ़ू का कितना महत्व होता है।’’
पत्रकारों से बातचीत में गुप्ता ने आरोप लगाया, "किसी को मुलायम सिंह यादव से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है, उन्हें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंधक बनाकर रखा है।"
गुप्ता ने कहा, "मुलायम सिंह और शिवपाल सिंह को पार्टी में परेशान किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता इससे बहुत दुखी हैं। जो लोग मुलायम सिंह के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे, उन्हें पार्टी में महत्व दिया जा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में समाजवादी विचारधारा कहां जाएगी।"
प्रमोद गुप्ता को मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का रिश्तेदार बताया जाता है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static