मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज क्षेत्र के विकास पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा की

punjabkesari.in Saturday, Jun 25, 2022 - 12:02 AM (IST)

लखनऊ, 24 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास कार्यों के संबंध में शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।

प्रदेश सरकार ने यहां जारी एक बयान में कहा कि योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के संबंध में इन केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की। योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से 361 किलोमीटर लंबी ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा परियोजना, 52 किलोमीटर लंबी ब्रज तीर्थ पथ परियोजना और 72 किलोमीटर लंबी गोवर्धन संपर्क परियोजना पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री के साथ 12 किलोमीटर लंबे मथुरा वृंदावन रेल मार्ग के विकास के बारे में चर्चा की। उन्होंने रेल मंत्री से मथुरा जंक्शन पर एक पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण के बारे में भी बात की।

योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री के साथ वृंदावन-मथुरा-गोकुल को जोड़ने वाली यमुना नदी पर जलमार्ग के विकास के बारे में चर्चा की।
इस जलमार्ग के विकास से मथुरा, वृंदावन और गोकुल तीर्थ स्थल आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री से ब्रज क्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों के पुनरुद्धार के संबंध में चर्चा की।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static