सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 08:12 PM (IST)

लखनऊ, पांच जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी की सदस्यता अभियान की शुरुआत की।

यादव ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुये कहा कि सपा का सदस्यता अभियान लगातार चलता रहेगा। उन्होंने कहा ‘‘कोशिश होगी कि सपा गांवों में ज्यादा से ज्यादा पहुंचे, हर घर तक पहुंचे। सपा कार्यकर्ता पार्टी की बात, पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी लेकर जनता के बीच रहेंगे। यह बात लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है कि लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादी पार्टी के लोग आगे आ रहे हैं। इसमें सहयोग करें और इसके साथ जुड़ें।’’
उन्होंने एक सवाल पर कहा कि पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि कितने सदस्य बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा शहर गांव और घर तक पहुंचने की कोशिश करेगी तथा सदस्यता अभियान खत्म होने के बाद संगठन का पुनर्गठन होगा ।

रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों के हाल में हुए उपचुनाव में पार्टी की पराजय के मूल कारणों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि उनकी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा ‘‘अभी समाजवादी पार्टी सदस्यता अभियान चलाने जा रही है जो लगातार चलेगा।’’ सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने यहां जारी एक बयान में कहा कि पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कवि उदय प्रताप सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सदस्य बनाया जबकि अखिलेश यादव ने सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सहित लखनऊ जनपद से चुनाव लड़े प्रत्याशियो एवं पूर्व विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बयान के अनुसार इस सदस्यता अभियान के साथ समाजवादी पार्टी ने 2024 में होने वाले लोकसभा और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी संगठन में बड़े बदलाव की ओर कदम उठाया है। चौधरी ने दावा किया कि सदस्यता अभियान के बाद संगठन को मजबूती मिलेगी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency