आदित्य यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2022 - 10:10 AM (IST)

लखनऊ, नौ अगस्त (भाषा) प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव की मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की गई।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने मंगलवार को मीडिया को यह नियुक्ति पत्र जारी किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम जतन की ओर से आदित्य यादव के नियुक्ति पत्र में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से आपको प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है।’’ पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन जन तक पहुंचाने के साथ पार्टी ने आदित्‍य यादव से शीघ्र ही राज्य कार्यकारिणी गठित करने की अपेक्षा की है।

अपने भतीजे और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से आपसी रार बढ़ जाने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने वर्ष 2018 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की स्थापना की थी, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले शिवपाल और अखिलेश यादव एक साथ हो गए। सपा के चुनाव चिह्न पर ही शिवपाल सिंह यादव इटावा के जसवंतनगर से विधानसभा का चुनाव लड़े और निर्वाचित हुए, लेकिन राष्ट्रपति के चुनाव में चाचा-भतीजा के बीच एक बार फ‍िर मनमुटाव हो गया और इसके बाद सपा ने एक पत्र जारी कर कहा कि शिवपाल सिंह यादव कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद यादव ने कहा था कि अब वह अपना संगठन मजबूत करेंगे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Related News

static