डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य बोले- उपचुनाव में साइकिल को पंचर कर सुशासन और विकास का कमल खिलाएं !

punjabkesari.in Saturday, Nov 26, 2022 - 02:28 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश में हो रहे उपचुनाव को लेकर  सपा पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव सपा और सैफई परिवार की गुंडागर्दी से मुक्ति का चुनाव है! साइकिल को पंचर कर सुशासन और विकास का कमल खिलाएं!   रघुराज सिंह शाक्य को भारी अंतर से विजयी बनाएं! उन्होंने कहा आगे कहा कि भाजपा सरकार से पहले प्रदेश के सभी जिलों में अपराध चरम पर था। जनता ने भाजपा पर भरोसा करके विधान सभा में जीत दिलाई है। ऐसे में प्रदेश की जनता एक बार फिर उपचुनाव में कमल को वोट देकर जीत दिलाएगी।

केशव ने ने कहा कि सपा की सरकार के दौरान अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था और वे ‘खाली प्लॉट हमारा है' जैसे नारे लगाते थे, वे हर जिले में ‘मिनी सीएम' बन गए थे। उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जनता इस बार परिवारवाद पर नहीं बल्कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के विकास पर मुहर लगाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिला है और मैनपुरी में इस बार कमल खिलना तय है।

केशव ने  कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव से लेकर उनके सारे परिवार को नुक्कड़ सभाएं करनी पड़ रही हैं और अपने शासनकाल में जिनकी उपेक्षा की, उन्हीं से आज गली-गली वोट मांगने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इससे साफ है कि समाजवादी पार्टी की जमींन खिसक चुकी है। आज चाचा-भतीजा भले एक हुए हों परन्तु दोनों मिलकर भी सपा की हार को नहीं टाल सकते।'' मैनपुरी में उपचुनाव पांच दिसंबर को है। ऐसे में भाजपा और सपा अपने- अपने जीत के दावे कर रहे हैं। 
 

Content Writer

Ramkesh