गोरखपुर-फूलपुर उपचुनाव: सपा को मिला पूर्वांचल सेना का साथ

punjabkesari.in Wednesday, Mar 07, 2018 - 11:14 AM (IST)

लखनऊः आगामी 11 मार्च को होने वाले उपचुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। अभी हाल ही में समाजवादी पार्टी को बसपा का समर्थन मिला है। वहीं अब पूर्वांचल सेना ने भी सपा का साथ देने का फैसला किया है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि भाजपा की तानाशाही से मुक्ति पाने के लिए हम सपा प्रत्याशी को समर्थन दे रहे हैं। आज देश लोकतंत्र की मजबूती और रक्षा के लिए बनी न्यायपालिका, जांच एजेंसियां, चुनाव आयोग जैसे स्वतंत्र संस्थाएं भी सवालों के घेरे में हैं। देश में संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए बीजेपी की तानाशाही को खत्म करना जरूरी हो गया है। यही कारण है कि भाजपा के खिलाफ गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव में हम अपना समर्थन सपा प्रत्याशियों को दे रहे हैं।

बता दें कि सपा को बसपा के अलावा कई अन्य छोटे-बड़े दलों ने इन दोनों उपचुनावों में अपना समर्थन दिया है। चौधरी अजीत सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल ने और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सिस्ट ने भी अपना खुला समर्थन सपा को दिया है।