क्वारंटाइन सेंटर बना नरकः टायलेट का पानी पीने को मजबूर लोग

punjabkesari.in Friday, May 01, 2020 - 05:26 PM (IST)

आगराः आगरा में कोरोना संक्रमण आउट ऑफ कंट्रोल होता जा रहा है। आगरा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 500 के करीब पहुंच चुका है। आगरा में शुक्रवार सुबह की आई रिपोर्ट के मुताबिक 496 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके है। वहीं सैंकड़ों की संख्या में लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन और होम क्वारंटाइन किया गया है। वहीं आगरा में जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में नरक जैसे हालात है।

बीते दिनों आगरा के कीठम स्थित शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के हिंदुस्तान कॉलेज में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर की बदहाली की तस्वीरें वायरल हुई थी। जिसमें वहां क्वारंटाइनकिए गए लोगों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार करने के वीडियो वायरल हुए थे। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते आज भी इस क्वारंटाइन सेंटर के हालात नहीं बदले है। आज फिर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें क्वारंटाइन किए गए लोग प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे है। 

क्वारंटीन किए गए लोग टायलेट का पानी पीने को मजबूर है। बीती रात से बिजली भी गायब है। खाने पीने की चीजों के साथ साफ सफाई का अभाव है। छोटे-छोटे बच्चों को दूध भी नही मिल रहा है, बच्चे भूखे प्यासे है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें मरने के लिए यहां उनके हाल पर छोड़ दिया है।

बता दें कि इससे पहले बदहाली की तस्वीरें सामने आने के बाद बीडीओ को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन आज भी उन तस्वीरों में कुछ खास परिवर्तन नहीं आया है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच बदहाली और अव्यवस्था का आलम हर तरफ दिखाई दे रहा है।


 

Tamanna Bhardwaj