योगी सरकार में 2 उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर सपा ने उठाए सवाल

punjabkesari.in Thursday, May 04, 2017 - 01:34 PM (IST)

बदायूं: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई और बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को असंवैधानिक करार दिया है।

यादव ने बदायूं, बिसौली और बिल्सी विधान सभा क्षेत्र में सपा के सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की व्यवस्था पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि देश के संविधान में उपमुख्यमंत्री जैसे किसी भी पद की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि मगर इसके बावजूद भाजपा ने संविधान की अवहेलना और अपमान कर दिनेश शर्मा और केशव मौर्य के रूप में प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री बनाए हैं जो ‘असंवैधानिक’ है।

यादव ने बिसौली क्षेत्र में कार्यकर्त्ताआें को सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा का जन्म संघर्ष की जमीन से हुआ हैं। समाजवादियों ने सदैव संघर्ष किया है, यही वजह है कि सपा सिर्फ एक पार्टी ही नहीं, बल्कि देश का सबसे बड़ा संगठन भी है। सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गेहूं क्रय केन्द्र सिर्फ कागजों पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सपा सरकार को गुंडागर्दी के नाम पर बदनाम किया लेकिन सच यह है कि पिछले दो माह में अपराधी निरंकुश हो गए हैं और प्रदेश के कई जिलों में पुलिस और अफसरों पर हुए हमले भाजपाइयों की गुंडागर्दी की ताजा मिसाल हैं।