रायबरेली: BJP की आंधी में कांग्रेस का किला ध्वस्त, रंजना चौधरी ने आरती सिंह को 8 वोटों से हराया

punjabkesari.in Saturday, Jul 03, 2021 - 08:07 PM (IST)

रायबरेली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पार्टी को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। एडीएम प्रशासन राम अभिलाष ने शनिवार को बताया कि भाजपा की उम्मीदवार रंजना चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी आरती सिंह को आठ वोटो से हरा दिया। रंजना चौधरी को कुल 30 वोट मिले जबकि आरती सिंह को 22 वोट मिले। आज दो बजे तक जिला पंचायत सदस्यों ने मतदान किया और उसके बाद मतगणना होने के उपरांत परिणाम घोषित कर दिया गया।      

गौरतलब है कि इस चुनाव में सपा ने अपना कोई प्रत्याशी खड़ा नही किया था। इसके पीछे तकर् दिया जा रहा था कि सपा ने आंतरिक रूप से कांग्रेस को समर्थन करने का मन बनाया था। रंजना चौधरी के पीछे प्रदेश सरकार के एक मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता का वरद हस्त है जबकि आरती सिंह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सांसद स्वर्गीय अशोक सिंह की बहू और पूर्व सपा विधायक आशा किशोर के पुत्री व कांग्रेसी नेता मनीष सिंह की पत्नी है। यह सीट कांग्रेस और भाजपा दोनों के वर्चस्व लिए महत्वपूर्ण थी। दोनों दलों की टीमें चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए जी जान से जुटी थी लेकिन प्रतिष्ठा की इस लड़ाई में भाजपा ने बाजी मार दी है और कांग्रेस के गढ़ में एक इतिहास रच दिया जिसका दूरगामी परिणाम होगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static