रायबरेली सामूहिक हत्याकांडः योगी के फरमान के बाद मुख्य साजिशकर्ता समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2017 - 05:11 PM (IST)

रायबरेलीः रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र बीते दिनों हुए सामूहित हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने 5 अन्य आरोपियों को भी अपनी हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। बता दें कि मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्ताक्षेप के बाद जिले की पुलिस ने तेजी दिखानी शुरू की है।

5 लोगों की हुई थी निर्मम हत्या
दरअसल पुलिस ने आरोपी के परिजनों को हिरासत में ले लिया था, जिससे बाद आज शिव कुमार खुद ही पुलिस के सामने हाजिर हो गया। बता दें कि बीते 26 जून को ईद के मौके पर ऊंचाहार कोतवली क्षेत्र के अप्टा गांव में प्रधानपुत्र राजा यादव व रोहित शुक्ला के बीच विवाद हो गया था, इसमें राजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित शुक्ला व उसके 4 साथियों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था।

योगी ने पुलिस से मांगी थी 10 दिन में रिपोर्ट
जिसमें 2 लोगों को गाड़ी में बंद कर जिंदा जला दिया गया था। मामले में मृतक के भाई ने 3 को नामजद व 5 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार को मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिरीक्षक से 10 दिनों में मामले की रिपोर्ट मांगी थी और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता देने की घोषणा की थी।

6 गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आज मुख्य साजिशकर्ता शिव कुमार यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है जल्द ही मामले के बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।