रायबरेलीः याेगी-शाह के आगमन काे लेकर तैयारियां जाेराें पर, कई कांग्रेसी नेता हो सकते है भाजपा में शामिल

punjabkesari.in Friday, Apr 20, 2018 - 03:52 PM (IST)

रायबरेलीः कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रस्तावित भाजपा की मेगा रैली में कल पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमले करेंगे। 

 स्थानीय जीआईसी मैदान पर दोपहर 12़ 30 बजे शुरू होने वाली जनसभा में भाजपा के दिग्गज रायबरेली और अमेठी के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस और गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुये शब्दबाण छोड़ेंगे। इस रैली की खासियत यह भी होगी कि कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह और उनके परिवार के लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।  

हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि हरचंदपुर के कांग्रेस विधायक राकेश सिंह और उनके अनुज दिनेश भाजपा की सदस्यता हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। विधान पार्षद दिनेश सिंह ने अपने विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष भाईयों के साथ पिछली 10 अप्रैल को कांग्रेस से किनारा कर लिया था। 

दिनेश को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। दिनेश ने इस आरोप के साथ पार्टी छोड़ दी थी कि उन जैसे छोटे कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में तरजीह नही दी जाती है और किसी भी काम में उनके योगदान को नकारा जाता है। रायबरेली में भाजपा के पास फिलहाल कोई बडा नाम नहीं है इस लिहाज से स्थानीय स्तर पर दिनेश सिंह जैसे बडे नाम का इस्तेमाल कर भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के गढ को भेदने की कोशिश कर सकती है। 

इस बीच भाजपा के नवनिर्वाचित विधान पार्षद विजय बहादुर पाठक ने कहा कि रायबरेली और अमेठी की जनता अपने क्षेत्र की बदहाली के लिये गांधी परिवार से जवाब मांग रही है। कांग्रेस के जिम्मेदारों को बताना होगा कि दोनो क्षेत्र विकास की दौड में क्यों पीछे रह गये।  उन्होने कहा कि भाजपा की मौजूदा केन्द्र सरकार ने अपने कार्यकाल के चार वर्षो में अमेठी और रायबरेली के लिए कई अच्छी परियोजनाओ की शुरूआत की है जबकि पिछले एक साल से राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार भी अमेठी और रायबरेली के पिछडेपन को दूर करने के लिये प्रयासरत है। 

Ruby