यूपी में भी निकलेगी भारत जोड़ो यात्रा, अनुरोध के बाद यूपी आ रहे राहुल गांधीः ब्रजलाल खाबरी

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 09:24 PM (IST)

कानपुर: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ब्रिजलाल खाबरी ने कहा कि भारत में हर वर्ग को जोड़ने के लिए राहुल गांधी कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल यात्रा कर रहे हैं। इस भारत जोड़ो यात्रा में उत्तर प्रदेश शामिल नहीं था। मेरे बहुत अनुरोध के बाद राहुल गांधी प्रदेश आ रहे हैं। जो यात्रा 3700 किमी तक निर्धारित थी, उसमें 100 किमी यूपी को भी शामिल कर लिया गया है। इतना अनुरोध मुझे क्यों करना पड़ा, हर कार्यकर्ता को समझना होगा। ये बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी ने बेनाझाबर में आयोजित सभा में कहीं।

उन्होंने कहा कि इस बार इतनी जी-तोड़ मेहनत करनी होगी कि 32 साल की कमी दूर हो जाए और हर वार्ड की छोटी से छोटी जीत को विधानसभा और लोकसभा की बड़ी जीतों तक पहुंचाया जाए। कानपुर-बुंदेलखंड के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा चुन्नीगंज के शनि देव मंदिर से शुरू हुई। पीरोड होते हुए मोतीझील स्थित राजीव वाटिका पहुंची।

UP में 2024 का चुनाव मजबूती से लड़ेंगे
बृजलाल खाबरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 2024 के लोकसभा के आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ यूपी में लड़ेगी और भाजपा को हराएगी। जब से राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरु का है तभी से हमारे सारे विरोधी डरे हुए है। 2024 के चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरीके से तैयारियों में जुटी हुई है। अभी हम छोटी-छोटी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं लेकिन जैसे ही राहुल जी यात्रा लेकर यूपी पहुंचेगे यूपी कांग्रेस एक बड़ी भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश में निकालेगी।  

 

 

Content Writer

Ajay kumar