BJP सांसद का करारा हमला, कहा- राहुल गांधी को किसानी का ककहरा तक नहीं पता

punjabkesari.in Wednesday, Jul 04, 2018 - 09:34 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं भदोही से सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल अक्सर खेती और किसानी की बातें करते रहते हैं, लेकिन उनको खेती-किसानी का ककहरा तक नहीं पता है।

वीरेंद्र सिंह ने कहा कि  ये लोग सिर्फ किताबों में खेती करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष भी जगह-जगह किसान, खेती और मजदूर की बातें करते रहते हैं। अगर राहुल गांधी ज्वार, धान या फिर गेहूं का पौधा पहचान लें तो वह उनका बड़ा सम्मान करेंगे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी की ऐसी पहली सरकार है जिसने हिंदुस्तान के बजट का 52 फीसदी किसानों की योजनाओं में दिया है। जो लोग मध्य प्रदेश और यूपी में किसानों के लिए आंदोलन कर रहे थे, हमने उन लोगों को संवाद के लिए बुलाया। उसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। शासन, प्रशासन और समाज मिलकर सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने फिजूलखर्ची रोककर किसानों का कर्जा माफ किया। केंद्र तथा प्रदेश की सरकार ने गन्ना किसानों के लिए जो काम किया, उसके लिए किसानों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। यूपी में पहले किसानों की खुशहाली के लिए काम हो रहा है। आज तक भेड़पालक किसानों के लिए किसी सरकार ने नहीं सोचा था, मगर मोदी सरकार ने उनकी समृद्धि की योजना बनाई।

Deepika Rajput