यूपी के पश्चिमी जिलों में नहीं जाएगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो-न्याय यात्रा, जानिए क्या है वजह

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2024 - 09:50 AM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का उत्तर प्रदेश में समय घटा दिया गया है और इसके लिए बोर्ड परीक्षाओं का हवाला दिया गया है। अब यह यात्रा 11 दिन के बजाय 6 दिन ही उत्तर प्रदेश में रहेगी। साथ ही कांग्रेस की यात्रा राज्य के पश्चिमी जिलों में नहीं जाएगी। कांग्रेस के एक नेता ने इसकी जानकारी दी। यह निर्णय उन संकेतों के बाद लिया गया है कि समाजवादी पार्टी की सहयोगी और जयंत सिंह चौधरी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा से हाथ मिला लिया है।



बोर्ड परीक्षाओं और छात्र- छात्राओं के हितों को देखते हुए राहुल गांधी ने घटाया समय
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाओं और छात्र- छात्राओं के हितों को देखते हुए राज्य में अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समय घटा दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पूरी यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा भी रहेंगी। राय ने कार्यक्रम रद्द किए जाने संबंधी अटकलों को गलत बताते हुए कहा कि रालोद के मामले से इसका कोई लेना-देना नहीं है।



देश में लोगों को नहीं मिल रही हैं नौकरियां: राहुल
कोरबा (छत्तीसगढ़) । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर सोमवार को निशाना साधा और कहा कि देश में लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है तथा वे महंगाई की मार झेल रहे हैं। गांधी ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से जागने को कहा और आरोप लगाया कि जनता की जेबें लूटी जा रही हैं तथा उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा-पिछड़े वर्ग, दलित और आदिवासी देश की आबादी का 74 प्रतिशत हिस्सा हैं, लेकिन इन समुदायों का एक भी व्यक्ति भारत की शीर्ष 200 कंपनियों का मालिक या प्रबंधन में शामिल नहीं है, जिन्हें 'देश का सारा पैसा' दिया जा रहा है।

Content Writer

Ajay kumar