हमें अब निभानी है विपक्ष की भूमिका, बहुत मजा आएगा: राहुल गांधी

punjabkesari.in Thursday, Jul 11, 2019 - 12:24 PM (IST)

अमेठीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को अमेठी पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेठी से मेरा रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक है। उन्होंने कहा कि अब हमें विपक्ष की भूमिका निभानी है। जनता की आवाज उठानी है। इस काम में बहुत मजा आएगा।

इस दौरान राहुल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ गहन मंथन किया और कार्यकर्ताओं की बातें बेहद संजीदगी से सुनी। कांग्रेस के जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने अपनी बात राहुल के सामने रखी। अधिकतर कार्यकर्ताओं ने संगठन की कमजोरी और प्रशासन द्वारा धांधली कराए जाने का आरोप लगाया। कई नेताओं ने कांग्रेस सेवादल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI सहित कांग्रेस के अनुषंगिक संगठनों की घोर उपेक्षा को भी हार का बड़ा कारण बताया। कुछ कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि यहां कांग्रेस संगठन कुछ लोगों तक सीमित हो गया और पूरे जिले में कांग्रेस को कमजोर कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि, राहुल ने हाल में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में अमेठी के साथ-साथ केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था, जहां से वह सांसद चुने गए हैं। मगर, पीढ़ियों से गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ रहे अमेठी में उन्हें बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी से 55 हजार से अधिक मतों से शिकस्त मिली। राहुल ने चुनाव में पार्टी की पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static