राहुल ने BJP पर कसा तंज, कहा- जिन्होंने कभी तिरंगे का सम्मान ही नहीं किया उन्हें क्या पता तिरंगा...

punjabkesari.in Wednesday, Aug 18, 2021 - 07:27 PM (IST)

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉक्टर अवधेश सिंह का स्वंत्रता दिवस के मौके पर उल्टा झंडा फहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस के बड़े नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के बाद अब पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपने ट्वीटर पर वीडियो डाला है। राहुल गांधी ने लिखा है,"जिन्होंने कभी तिरंगे का सम्मान ही नहीं किया उन्हें क्या पता तिरंगा कैसे फहराया जाता है। मोदी जी का संसदीय क्षेत्र और उनके अपने लोग।"

हालांकि सिंह ने कहा,‘‘यह एक अधूरा सत्य है। सच्चाई यह है कि कार्यक्रम के संयोजक द्वारा किये ध्वजरोहण में तिरंगा उल्टा था। मैं जब कार्यक्रम में पहुंचा तो राष्ट्रगान प्रारम्भ हो चुका था। राष्ट्रगान के तुरंत बाद जैसे ही मैंने देखा कि तिरंगा उल्टा है और उसपर तुरंत नाराजगी व्यक्त की और तुरंत ही तिरंगा सही कराया। इस बात को वीडियो में नहीं दिखाया जा रहा है और उसे एडिट करके दिखाया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि यही सच्चाई है लेकिन कुछ लोग फेसबुक और व्हाट्सप्प पर अधूरा सत्य दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षीयों को कोई मुद्दा मिल नही रहा है इसलिए इस तरह के मुद्दों को हवा दे रहे हैं।
 

Content Writer

Ramkesh