राहुल तय करेंगे 2019 में रायबरेली से चुनाव लड़ूं या नहींः सोनिया गांधी

punjabkesari.in Saturday, Mar 10, 2018 - 01:32 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी पार्टी की कमान अपने बेटे राहुल गांधी को थमा दी है। जिसके चलते पार्टी के सारे महत्वपूर्ण फैसले राहुल गांधी ही करते हैं। इस सब के बीच खास बात तो यह है कि क्या अब सोनिया गांधी चुनाव लड़ेगी या नहीं। इस सवाल पर सोनिया गांधी ने जवाब दिया है कि इसका फैसला भी राहुल ही करेंगे। 

दरअसल सोनिया गांधी शुक्रवार को मुंबई में इंडिया टुडे कॉन्क्लेव के 17वें सस्करण में शिरकत करने पहुंची। जहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी और अपनी पार्टी की हर बात को पूरे जज्बे से सब के सामने रखा। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह रायबरेली से चुनाव लड़ेगी, तो उनका जवाब था कि राहुल ही इसका फैसला लेंगे। क्योंकि पार्टी की कमान अब राहुल के हाथों में है। 

सूत्रों के मुताबिक जब से सोनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ा है तब से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली संसदीय सीट से सोनिया की बजाय प्रियंका गांधी चुनाव में उतर सकती हैं। इसे लेकर इंडिया टुडे समूह के चेयरमैन अरुण पुरी ने सोनिया गांधी से सवाल किया कि 2019 में वो चुनाव लड़ेंगी कि नहीं? इस सवाल के जवाब में सोनिया ने 2019 में चुनाव लड़ने से इनकार नहीं किया।