प्रियंका गांधी के लिए राजनीति की राह आसान करेंगे राहुल, लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरने की सुगबुगाहट तेज

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2024 - 05:42 PM (IST)

लखनऊ: अमेठी में राहुल गांधी के पिछले चुनाव में हार के बाद वापसी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं रायबरेली से वर्तमान सांसद सोनिया गांधी के बजाए प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव मैदान में उतरने की सुगबुगाहट एक बार फिर से तेज हो गई है। यही वजह है कि राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रां के प्रदेश में प्रवेश करने पर अमेठी और रायबरेली में सबसे अधिक मजबूती के साथ कांग्रेसी पूरे देश में संदेश देने की तैयारी में है। इसकी मुख्य वजह प्रियंका वाड्रा के चुनाव की तैयारी के लिए पृष्ठभूमि तैयार करना है। राहुल गांधी द्वारा रायबरेली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सहारे बहन प्रियंका के लिए राजनीति राह को आसान करने के लिहाज से भी देखा जा रहा है। यही वजह है कि यात्रा की सफलता और जन-जन तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से ही कांग्रेस दिग्गजों ने दोनों जिलों में डेरा डाल दिया है।

जिले में कांग्रेस को मजबूत बनाने में जुटे नेता
सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा समेत पूर्व मंत्री नकुल दुबे, लोकसभा प्रभारी इंदल रावत समेत तमाम दिग्गज दिन-रात एक किए हुए हैं। उद्देश्य सिर्फ जिले में कांग्रेस को मजबूत बनाना और प्रियंका के आगामी चुनाव में दमदारी के साथ लोगों के बीच लाना है।

अखिलेश के साथ से मजबूत होगा हाथ
राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी साथ मिल रहा है। हाल ही में उन्होंने स्पष्ट तौर पर यात्रा के साथ अमेठी अथवा रायबरेली में शामिल होने की सहमति दे दी है। संभावना सबसे अधिक रायबरेली में आने की जताई जा रही है। इसके लिए सपाई भी काफी उत्साहित हैं। सपा सुप्रीमो का साथ मिलने से कहीं ना कहीं कांग्रेस जिले में और मजबूत होगी। कांग्रेस के साथ सपा भी जगह-जगह बैठकें करके तैयारी में लग गई है।

Content Writer

Ajay kumar