राम रहीम के सहयोगी को पकड़ने के लिए नोएडा में छापेमारी, खाली हाथ लौटी पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Dec 27, 2017 - 12:24 PM (IST)

नोएडा: डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम के सहियोगी आदित्य इंसा की तलाश में हरियाणा पुलिस नोएडा पहुंची। हैरानी की बात ये है कि नोएडा पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। हरियाणा पुलिस ने 2 घरों में छापेमारी की, लेकिन उनको सफलता नहीं मिली।

सूत्रों के अनुसार वैदपुरा गांव में डेरा सच्चा सौदा के कई अनुयाई रहते हैं। एक परिवार कट्टर समर्थक है। इस परिवार की हरियाणा के राम रहीम के डेरे के आसपास जमीन भी है। हरियाणा पुलिस को सूचना मिली थी कि इनके पास आदित्य हो सकता है, इसलिए वैदपुरा गांव में छापेमारी की गई। हरियाणा पुलिस ने आदित्य के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर रखा है। ज्ञात हो कि राम रहीम अपनी दो पूर्व शिष्याओं के साथ दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा काट रहा है।

दरअसल, हनीप्रीत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब आदित्य की गिरफ्तारी के लिए देश भर में छापेमारी की जा रही है। आदित्य पर चार अन्य लोगों के साथ देशद्रोह और हिंसा भड़काने आदि के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आदित्य व उसके साथियों ने 25 अगस्त को पंचकूला की अदालत परिसर से राम रहीम को भगाने के लिए साजिश रची थी।