रेलकर्मियों ने पिटाई के विरोध में किया चक्का जाम, ट्रेनों का संचालन प्रभावित

punjabkesari.in Friday, Jun 09, 2017 - 01:30 PM (IST)

कासगंजः आरपीएफ पुलिस कर्मियों के खराब व्यवहार तथा पिटाई करने के विरोध में आक्रोशित रेलवे कर्मीयों ने आज कासगंज रेलवे जंक्शन का चक्का जाम कर दिया है। जिसके कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। ट्रेन जगह-जगह पर रोक दी गई हैं। कासगंज रेलवे स्टेशन छावनी में बदल गया है। यहां पर करीब चार घंटे से रेल यातायात बंद है। यात्री भी भड़क रहे हैं।

ट्रेनों का संचालन प्रभावित
कासगंज में आज रेल कर्मियों की पिटाई के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल के बाद मथुरा, बरेली व कानपुर ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन फिलहाल बंद हैं। रेल कर्मी ट्रैक पर एकत्र हैं। जिसके कारण कई गाडिय़ां जगह जगह रुकी हैं।

जानिए क्या है मामला 
दरअसल लोको पायलट प्रेम प्रभाकर और पायलट आर के त्रिपाठी की पिटाई के बाद पायलटों ने ट्रैफिक कंट्रोलर को डीजल लॉबी में बंद किया। जिसके कारण कनेक्टिविटी फेल है। इसके बाद रेल कर्मियों ने आरपीएफ थाने पर पथराव भी किया। बता दें कि आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आरके मीना ने पिटाई करने के आरोपी आरपीएफ जवान विक्रम सिंह और शिवकुमार को निलंबित कर दिया है। इधर रेल कर्मचारियों के चक्का जाम करने के कारण यात्री परेशान है। कई बीमार यात्रियों की हालत बिगड़ रही है।

आरपीएफ,जीआरपी और सिविल पुलिस ने डीजल लॉबी का ताला तोडऩे की कोशिश की जिससे गाडिय़ों का संचालन शुरू हो सके लेकिन रेल कर्मी भड़क गए। इनकी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

डीएम-एसपी भी पहुंचे
कासगंज रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मियों की पिटाई की सूचना पर डीएम के साथ एसपी भी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। यहां पर ट्रेनों का संचालन बाधित होने से परेशान यात्रियों ने भी डीएम व एसपी से रेलवे के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज की। इसके साथ ही सभी रेल यात्रियों ने आक्रोश व्यक्त किया

वहीं बरेली से आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट भी कासगंज पहुंचे। वह भी आक्रोशित रेल कर्मियो को समझाने में जुटे। इसके बाद भी अभी बरेली, कासगंज, कानपुर और मथुरा ट्रैक पर रेल संचालन शुरू नहीं हो सका है।

UP LATEST NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें-