गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज पहुंचे राज बब्बर, कार्यकर्त्ताओं ने ली फोटो और सेल्फी

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2017 - 11:41 AM (IST)

गोरखपुर: गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज में 7 अगस्त से लेकर 12 अगस्त तक 30 बच्चों सहित 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसी के चलते कांग्रेस के यूपी चीफ राज बब्बर शनिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने इंसेफलाइटिस वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मौजूद कार्यकर्त्ता फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। इस वजह से इंसेफलाइटिस वॉर्ड के बाहर मौजूद मरीजों के परिजनों ने भी डॉक्टरों से नाराजगी जाहिर की।
                 
जानकारी के अनुसार कांगेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर बीआरडी मेडिकल कालेज के 100 नंबर इन्सेफेलाइटिस वार्ड में शनिवार को दूसरी बार पहुंचे। वार्ड में उनके साथ कुछ कार्यकर्त्ता भी अंदर घुस आए। कार्यकर्त्ता वॉर्ड में घूम-घूम कर सेल्फी और फोटो सेशन करते रहे। इस दौरान राज बब्बर ने भी उन्हें नहीं रोका। कई बार तो वो खुद सेल्फी में पोज देते दिखाई दिए।
                 
बता दें कि इंसेफलाइटिस वार्ड बहुत ही संवेदनशील वार्ड होता है। यहां बीमारी से मासूमों की मौतें होती हैं। इसके अलावा इन्फेक्शन भी बड़ा कारण होता है। इसके बाद भी राज बब्बर के साथ कई कार्यकर्त्ता वॉर्ड में चले गए। उन्हें किसी ने रोकने की कोशिश भी नहीं की। कांग्रेसी नेताओं को वार्ड में फोटो और सेल्फी लेते देख परिजनों ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने डॉक्टरों से कहा- 'आप हमें अंदर जाने नहीं देते और नेताओं के लिए कोई नियम नहीं हैं।'
                 
परिजनों की नाराजगी के बाद वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरएन सिंह ने कहा कि नेताओं को दौरे के लिए आना चाहिए लेकिन वो वार्ड के बाहर से उन्हें देख सकते हैं। अंदर जाना सही नहीं। वो लोग मरीजों के परिजनों से मिलें, उनसे सुविधाओं और दवा आदि के बारे में जानकारी लें। ये ही सही तरीका होगा। सब लोगों के अंदर आने से मासूमों की जान को खतरा हो सकता है।