धूमधाम से मनाया गया पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 86वां जन्मदिन

punjabkesari.in Friday, Jan 05, 2018 - 07:13 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का जन्मदिन समारोह शुक्रवार उनके आवास पर मनाया गया। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक के साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने माल एवेन्यू उनके आवास पर जाकर बधाई दी। राजस्थान के राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का आज 86वां जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से लखनऊ में मनाया गया।

उनके आवास पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने भी कल्याण सिंह को बधाई दी है। वहीं उनके समर्थक मिठाई बांटकर उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे थे। इनके साथ ही उनके पुत्र तथा एटा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजवीर सिंह गुड्डू तथा उनके पुत्र उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री संदीप सिंह भी मौजूद थे।

सुबह से ही कल्याण सिंह के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ था। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अपने जन्मदिन के मौके पर कहा कि विकास के लिए सबको मिलकर काम करना चाहिए। विकास में सभी दल अगर एक मत हो जाएं तो विकास की गति तेज हो जाएगी और यूपी की सूरत बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश का विकास होगा तो जनता खुशहाल होगी।

बता दें कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी 1932 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के मधौली गांव में हुआ था। उनके पिता तेजपाल सिंह व मां सीता की देखरेख में उनकी शिक्षा अलीगढ़ में ही हुई। कल्याण सिंह ने धर्म समाज डिग्री कॉलेज अलीगढ़ से बीए, एलटी किया। 1967 में वह पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए। 1985 से 2002 तक वह लगातार 6 बार विधायक चुने गए।

कल्याण सिंह ने 24 जून 1991 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद विध्वंस की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने पद से त्यागपत्र दे दिया था। कल्याण सिंह के जन्मदिन पर काफी भीड़ देखने को मिली। कल्याण सिंह आज अपने जन्मदिन पर उत्साहित लग रहे थे। आने वालों से अलग मिलकर बधाई स्वीकार कर रहे थे।