आज मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं राजभर! बोले- ये कोई नई चीज़ नहीं है, जो हमको मिल रही है...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2024 - 11:17 AM (IST)

लखनऊ: योगी सरकार 2.0 का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज शाम 5 बजे राजभवन में होगा। विस्तार में तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाया जाना तय बताया जा रहा है। हालांकि दो और मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने सुबह कैबिनेट बैठक बुलाई है और मंत्रिमंडल विस्तार शाम को होने की संभावना है। पिछले कई महीनों से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें चल रही थीं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान और आरएलडी से पुरकाजी के एमएलए अनिल कुमार या आरएलडी विधायक दल के नेता राजपाल बालियान मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। राजभर और दारा ओबीसी तो अनिल कुमार दलित और राजपाल बालियान जाट हैं। 

सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंगलवार शाम को लखनऊ लौट रही हैं। उनके लखनऊ लौटने के बाद राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि सरकार के लिए चेहरों के चुनाव में सामाजिक समीकरण भी साधे जाएंगे। सरकार में अभी 23 चेहरे सामान्य वर्ग से, 20 ओबीसी और 9 एससी-एसटी और एक मुस्लिम मंत्री हैं। विस्तार में ओबीसी और एससी की भागीदारी और बढ़ेगी। यूपी में सीएम सहित मंत्रिमंडल का अधिकतम आकार 60 का हो सकता है। 

इस समय सीएम योगी आदित्यनाथ को मिलाकर 52 चेहरे हैं। इसमें 18 कैबिनेट, 14 स्वतंत्र प्रभार व 20 राज्यमंत्री हैं। 8 की जगह खाली है लेकिन दो से तीन मंत्री ही बनाए जाने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि दो दिन पूर्व भाजपा के सहयोगी दलों की नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को किए जाने की तिथि तय की गई थी।


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj