जन्मदिन की बधाई देकर राजभर ने अखिलेश को दी नसीहत- अहंकार त्याग दें, वरना 2017 जैसा होगा हाल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2020 - 05:43 PM (IST)

वाराणसीः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज 47वां जन्मदिन है। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए नसीहत भी दे डाली। राजभर ने कहा कि अखिलेश अहंकार का रास्ता छोड़ दें। वरना 2017 की तरह 2022 में भी सत्ता में वापसी मुश्किल है। सद्बुद्धि में जीवन जिएं।

इतना ही नहीं बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बनाने की बात कहने वाली सरकार उच्च शिक्षा लिए लोगों को मनरेगा से जोड़ने की बात करने लगी है। चीन में शहीद हुए जवानों की बात के बजाय खाली अपनी वाहवाही बटोर रही है।

राजभर ने कहा कि, देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। हत्या, लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। जो वादे सरकार ने किए थे, उसमें से कोई भी पूरा नहीं होता नजर आ रहा है। पेट्रोल डीजल का दाम रोज बढ़ रहा है। आज तक यूपी में कितने प्लांट लगे और लोगो को रोजगार मिला? जब वो बाबा थे तो सत्य बोलते थे। अब गुजरात के झूठ पार्टी में शामिल हो गए हैं। अब जो गुजराती दल बोलता है, उतना ही करते हैं।

राजभर ने कहा कि 69 हजार भर्ती मामले में प्रयागराज के तत्कालीन एसएसपी ने जांच में यह पाया कि 8 से 10 लाख रुपए लेकर भर्ती में धांधली की गई। इसमे कई संघ औऱ भाजपा नेताओं का नाम आया। लेकिन अचानक रातोंरात एसएसपी का ट्रांसफर कर दिया जाता है। ये क्या है? देवरिया, कानपुर समेत कई जनपद में लोग पकड़ में आए, क्या करवाई हुई? इनकी सरकार ब्यूरोक्रेट चला रहे हैं। इनको जो लिख के दे दिया जाता है। ये वही कागज पढ़कर बोल देते हैं। बता दें कि वाराणसी सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ओमप्रकाश राजभर ने उक्त बातें कहीं। 


 

Tamanna Bhardwaj