राजभर का अखिलेश पर निशाना, कहा- सपा प्रमुख दगे कारतूस इकट्ठा कर रहे... चुनाव सिर्फ हारने के लिए लड़ते हैं

punjabkesari.in Tuesday, Jan 31, 2023 - 03:31 PM (IST)

गाजीपुर ( अनिल कुमार) : सोमवार को गाजीपुर के दौरे पर पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी  के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मौर्या को सपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर कहा कि सपा प्रमुख ऐसे ही दगे कारतूस इकट्ठा कर रहे हैं। वह इन्हीं सब लोगों को लेकर 2022 का चुनाव लड़े और उनका और उनकी पार्टी का क्या हाल हुआ यह सभी लोग जानते हैं। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह 2017 में रामम शरणं गच्छामि कर रहे थे। तब उन्हें सही गलत नहीं दिख रहा था।



सपा प्रमुख दगे कारतूस इकट्ठा कर रहे
अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव किस धर्म को मानते हैं। यह तो वहीं जानते है लेकिन जब वह सनातन धर्म नहीं मानते तो पूजा करने क्यों जाते है?  सपा जब सत्ता में रहती है तो सब धर्म मानती है और सत्ता से बाहर होते ही नाश्तीक हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि सपाई कुछ करने वाले नहीं है, बस ढोल लेकर चिल्लाएं। ये लोग 10 साल तक तो सत्ता से दूर ही रहेंगे।

सत्ता लोलुप है स्वामी
ओपी राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह बसपा में थे, तो रामायण की चौपाई, दोहे गड़बड़ नहीं थे। बाद में स्वामी प्रसाद मौर्य रामम शरणम गच्छामि हो गए। रामग्रन्थ पर माला फूल चढ़ाने लगे बेटी को सांसद बनाया, खुद मंत्री बन गए। ये सत्ता लोलुप लोग हैं। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या पर FIR दर्ज होने पर बोले देश कानून और संविधान के दायरे में चलता है और संविधान सभी धर्म के लोगों को सम्मान से जीने इजाजत देता है। जब कोई किसी धर्म के खिलाफ बोलेगा तो उस पर कार्रवाई होगी। इस दौरान उनके साथ जखनियां के विधायक बेदी राम मौजूद रहें।  

Content Editor

Prashant Tiwari