राजभर ने योगी सरकार पर साधा निशाना- विकास दुबे को सत्ता पक्ष का प्राप्त था पूरा संरक्षण

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2020 - 01:47 PM (IST)

लखनऊ: कानपुर एनकाउंटर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। राजभर ने रविवार को कहा कि पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को सत्ता पक्ष का पूरा संरक्षण प्राप्त था।

सुभासपा के अध्यक्ष ने ट्वीट कर लिखा कि, “कानपुर पुलिस कत्लेआम मामले में, प्रिंसिपल सेक्रेटरी की गाड़ी विकास दुबे के घर पर मिलना, थानाध्यक्ष और विकास दुबे के सीडीआर के माध्यम से संबंध सामने आना। इस संबंधों की फ़ाइल एसएसपी के पास होते हुए भी कार्यवाही नहीं करना यह साबित करता है, विकास दुबे को सत्ता का पूरा संरक्षण प्राप्त था।”

उन्होंने आगे लिखा कि, “सुभासपा माँग करती है, इसी सीडीआर के जरिए पर्दाफाश किया जाए कि सत्ता में बैठा कौन व्यक्ति विकास दुबे को संरक्षण दे रहा था। इस प्रकरण में तत्काल हाईकोर्ट के सिटिंग जज से पूरे मामले की जाँच कराई जाय। ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो सके।”

Edited By

Umakant yadav