UP में BJP को रोकने के लिए राजभर ने कसी कमर, भागीदारी संकल्‍प मोर्चा में शामिल हो सकते हैं चंद्रशेखर

punjabkesari.in Sunday, Jan 10, 2021 - 09:49 AM (IST)

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर और आजाद समाज पार्टी के अध्‍यक्ष चंद्रशेखर आजाद के बीच शनिवार को यहां एक होटल में करीब एक घंटे तक बातचीत हुई और 2022 में होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर दोनों नेताओं ने अपनी कार्ययोजना पर मंथन किया।

भागीदारी संकल्‍प मोर्चा के संयोजक ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि ''चंद्रशेखर आजाद से आज एक होटल में हमारी एक घंटे तक बातचीत हुई है और यह बातचीत सकारात्‍मक रही है।'' भीम आर्मी के संस्‍थापक चंद्रशेखर आजाद ने आजाद समाज पार्टी के नाम से अपना राजनीतिक दल बनाया है। राजभर ने कहा कि ''विपक्षी दल भागीदारी संकल्‍प मोर्चा को ताकत दे रहे हैं और चंद्रशेखर आजाद के साथ हुई वार्ता में भी 2022 के विधान सभा चुनाव में साथ मिलकर मोर्चा को मजबूत करने की सार्थक सहमति बनी है और इस समझौते की घोषणा होनी बाकी है।'' राजभर ने कहा '' उप्र में भाजपा को रोकने और आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए भागीदारी संकल्‍प मोर्चा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इसमें कई दल शामिल होंगे। चंद्रशेखर आजाद ने भी मोर्चा में शामिल होने की सहमति दी है। 

 

Moulshree Tripathi