राजनाथ सिंह ने कसा तंज, कहा- 10 मार्च को सपा के हिस्से में आयेगा शीर्षासन

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 09:18 PM (IST)

पीलीभीत: रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि पिछले पांच साल विकास को योगासन कराने वाली योगी सरकार दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने को तैयार है वहीं जाति और धर्म की राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) दस मार्च को शीर्षासन करेगी।

निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से पहुंचे राजनाथ ने अग्रवाल सभा भवन में चार विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुये कहा कि वर्ष 2017 में योगी सरकार बनी, तब यूपी की अर्थव्यवस्था 11 लाख करोड़ रूपये थी जो अब बढ़ कर 21 लाख करोड़ पहुंच गई है। जब-जब यूपी में भाजपा की सरकार आती है विकास योगासन करने लगता है। उन्होंने जनता से सवालिया लहजे में कहा कि योग में कितने प्रकार के आसन होते हैं और जनता के जवाब का इंतजार किये बिना कहा कि योग में 84 आसन होते हैं। 83 आसन भाजपा करती है। एक आसन शीर्षासन सपा और विपक्ष के लिए छोड़ दिया है। आने वाले समय में वे अब वही लगाएंगे।  

लखनऊ के सांसद ने कहा ‘‘ क्या कारण है कि जब सपा हुकूमत में आती है तब गुंडागर्दी बढ़ जाती है। वे जाति और संप्रदाय के नाम पर राजनीति करते हैं। अपराधियों को प्रोत्साहित करते हैं। हम किसी व्यक्ति पर टिप्पणी नही कर रहे है। मगर जब विरोधी सरकारे आती है तो महिलाओं की इज्जत लुटती है, अपराध बढ़ते है। वे हिन्दू मुस्लिम करके राजनीति करने में विश्वास करते है।'' उन्होंने कहा कि वास्तव में सपा की नैया डूब रही है। अब कोई सहारा है । सपा जा रही है और उसे लाल टोपी भी नहीं बचा पाएगी।  

भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुये उन्होंने कहा ‘‘ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर में जो हवाई अड्डा बनाया है उससे दुनिया में शान बढ़ी है। अब दुनिया के हवाई जहाज की मेंटिनेंस जेवर में हो सकेगी। हमें अब दूसरे देशों की शरण नही लेनी पड़ेगी। इससे हमारा आर्थिक ढांचा मजबूत हुआ है। हम आत्मनिर्भर हुए है।'' उन्होने कहा कि यूपी की सरकार ने कोविड से निपटने को करिश्माई काम किया है। इसके लिए उनकी विदेशो तक प्रशंसा हुई है। अभी तक जितना कोविड टीकाकरण हुआ है, आज तक किसी देश ने नहीं किया यह विशेष उपलब्धि है। इसके बाद उन्होंने नगर में रोड शो किया। उनका जन संपर्क का कर्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन उसे रोड शो में परिवर्तित कर दिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static