दलित की बेटी से शादी कर राहुल गांधी समाप्त करें जातीय व्यवस्था- रामदास अठावले

punjabkesari.in Thursday, Nov 02, 2017 - 08:15 PM (IST)

उत्तर प्रदेश (मिर्जापुर): बाक्सर विजेंदर कुमार के बाद अब प्रधानसेवक महोदय के एक और केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी की शादी को चिंता व्यक्त की है। इतना ही नहीं मंत्री महोदय ने तो बकायदा राहुल को एक अनोखा सुझाव भी दे दिया है। सुझाव यह है कि जातीय व्यवस्था की खाई पाटने के लिए राहुल गांधी को दलित की बेटी से शादी करनी चाहिए।रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास आठवले ने एक बार फिर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। सरकार में शामिल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास आठवले कल मीरजापुर में थे।


केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दलित की बेटी से शादी करने का प्रस्ताव दिया। आठवले ने कहा कि राहुल गांधी दलितों के घर खाना खाने जाते है। इससे जातीय व्यवस्था समाप्त नहीं होगी। राहुल गांधी से मेरा निवेदन कि वो दलित की बेटी से इंटरकास्ट शादी कर लें। उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना पूरा होगा। इसके साथ ही युवाओं को भी नई प्रेरणा मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कभी भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकती। कुछ दिन पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बाक्सर विजेंदर कुमार द्वारा पूछे गए शादी के सवाल पर कहा था, यह एक पुराना सवाल है और मैं भाग्य में विश्वास करता हूं। जब होनी तो होगी, तो हो जाएगी।

हार्दिक को बीजेपी से हाथ मिलना चाहिए
कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने आए अठावले ने कहा कि गुजरात में भाजपा की जीत पक्की है। कहा कि हार्दिक पटेल को भी भाजपा का साथ देना चाहिए। भाजपा ही आरक्षण का लाभ दिला सकती है। रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी होने के कारण चुनाव में उसकी मदद कर रही है। गुजरात में हमारी पार्टी किसी सीट पर नहीं लड़ रही है।

बीएसपी नहीं है अंबेडकर की पार्टी 
बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर ने रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया का गठन किया था। उत्तर प्रदेश की बहुजन समाज पार्टी बाबा साहेब की पार्टी नहीं है। अब सूबे में बसपा की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उनकी पार्टी वहीं हाकरों की लड़ाई लड़ती है, जिसे परेशान किया जाता है। राज ठाकरे को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्हें हाकरों और उत्तर भारतीयों को तंग करने का अधिकार किसने दे दिया।